
बिलासपुर। संभाग के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल सिम्स को स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में बड़ी सौगात मिली है। सीएमपीडीआई के क्षेत्रीय संस्थान-5, बिलासपुर ने अपने सीएसआर कार्यक्रम के तहत सिम्स को अत्याधुनिक अल्ट्रासाउंड मशीन और सीटीजी (कार्डियोटोकोग्राफी) मशीन उपलब्ध कराई है। कलेक्टर डॉ. संजय अग्रवाल की मौजूदगी में एमओए की प्रति सिम्स प्रबंधन को सौंपी गई।
नई अल्ट्रासाउंड मशीन के जरिए शरीर के आंतरिक अंगों की जांच पहले से अधिक स्पष्ट और सटीक तरीके से की जा सकेगी। इससे गंभीर बीमारियों की शुरुआती पहचान में मदद मिलेगी और मरीजों को बेहतर उपचार मिल सकेगा। वहीं सीटीजी मशीन गर्भवती महिलाओं और गर्भस्थ शिशु की हृदय गति की लगातार निगरानी करेगी। खासतौर पर हाई रिस्क प्रेग्नेंसी के मामलों में समय रहते चिकित्सकीय निर्णय लेने में यह मशीन बेहद उपयोगी साबित होगी।
कलेक्टर डॉ. संजय अग्रवाल ने कहा कि सिम्स संभाग का सबसे बड़ा सरकारी अस्पताल है, जहां प्रतिदिन लगभग 2 हजार से 2200 मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
सिम्स के अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति ने कहा कि आधुनिक उपकरणों के जुड़ने से अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा। वहीं चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लखन सिंह ने बताया कि नई मशीनों से जांच प्रक्रिया तेज, सरल और अधिक सुविधाजनक बनेगी।
महिला एवं प्रसूति रोग विभागाध्यक्ष डॉ. संगीता रमन जोगी ने कहा कि सीटीजी मशीन मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होगी और इससे गर्भवती महिलाओं की बेहतर निगरानी संभव हो सकेगी।
इस अवसर पर सीएमपीडीआई क्षेत्रीय संस्थान-5, बिलासपुर के विभागाध्यक्ष (मानव संसाधन एवं प्रशासन) आलोक श्रीवास्तव, डॉ. भूपेंद्र कश्यप, डॉ. दीपिका सिंह, स्वाति कुमार, उज्जवला दास, सरिता बहादुर, नमिता वानी, पुष्पलता शर्मा, नेहा उड़ान सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
