वार्ड 29 उपचुनाव: ओबीसी प्रमाण पत्र नहीं होने पर मोहम्मद आजम ने जनरल कोटे से खरीदा नामांकन फॉर्म

क्षेत्र के संजय गांधी नगर वार्ड क्रमांक 29 में होने वाले उपचुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। पूर्व पार्षद के बेटे मोहम्मद आजम सहित दो लोगों ने नामांकन पत्र खरीदा है। आजम के पास ओबीसी प्रमाण पत्र नहीं होने के कारण उन्होंने सामान्य वर्ग से 5 हजार रुपए शुल्क देकर नामांकन फॉर्म लिया है। वहीं पिछली बार निर्दलीय प्रत्याशी रहे एसडी कार्टर उर्फ रेड्डू ने ओबीसी वर्ग से पर्चा खरीदा है।

कांग्रेस में पांच दावेदार मैदान में

उपचुनाव के लिए कांग्रेस में दावेदारों की संख्या बढ़ गई है। पार्टी से टिकट के लिए मोहम्मद आजम, अब्दुल तस्लीम, जयपाल निर्मलकर, सोहेल खलिक और सुनील पाली ने आवेदन किया है। कांग्रेस की चयन समिति इन नामों पर विचार कर अंतिम नाम या पैनल शहर कांग्रेस कमेटी को भेजेगी।

भाजपा ने अब तक नहीं खोले पत्ते

दूसरी ओर भाजपा की ओर से अभी तक अधिकृत प्रत्याशी की घोषणा नहीं की गई है। हालांकि चुनाव लड़ने के इच्छुक नेता वार्ड में जनसंपर्क अभियान शुरू कर चुके हैं, लेकिन संगठन स्तर पर फिलहाल कोई स्पष्ट संकेत नहीं मिला है।

वार्ड 13 की घटना से कांग्रेस सतर्क

राजनीतिक हलकों में पिछले चुनाव का मामला फिर चर्चा में है। वार्ड क्रमांक 13 मंगला में कांग्रेस प्रत्याशी श्याम पटेल द्वारा ओबीसी प्रमाण पत्र जमा नहीं करने के कारण उनका नामांकन रद्द हो गया था। इसके बाद भाजपा के रमेश पटेल निर्विरोध पार्षद निर्वाचित हुए थे। इस प्रकरण के बाद कांग्रेस ने श्याम पटेल को पार्टी से निष्कासित भी कर दिया था।

इसी अनुभव को देखते हुए मोहम्मद आजम ने इस बार बिना जोखिम उठाए सामान्य वर्ग से नामांकन फॉर्म लिया है। उनका कहना है कि उनके पास ओबीसी प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं है।

18 मई तक नामांकन

उपचुनाव के लिए नामांकन पत्र लेने और जमा करने की अंतिम तिथि 18 मई निर्धारित की गई है। 21 मई तक नामांकन प्रक्रिया पूरी होगी, जबकि मतदान 1 जून को कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!