
बिलासपुर। केंद्रीय जेल बिलासपुर में रविवार को नहाने के दौरान फिसलकर गिरने से एक बंदी की मौत हो गई। मृतक की पहचान तखतपुर निवासी जनकराम साहू के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार जनकराम अन्य बंदियों के साथ जेल परिसर में बने टैंक के पास नहाने गया था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह पास में रखे पत्थर से टकरा गया। सिर और शरीर पर गंभीर चोट लगने के बाद जेल प्रबंधन ने उसे तत्काल सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान शाम करीब छह बजे उसकी मौत हो गई।
प्रारंभिक जांच में घटना का कारण फिसलकर गिरना बताया गया है। हालांकि जेल प्रशासन यह भी जांच कर रहा है कि हादसे वाली जगह पर काई के कारण फिसलन थी या दुर्घटना की कोई अन्य वजह रही। मामले की जांच जारी है।
