बिल्हा पुलिस ने चोरी के चार मामलों का किया खुलासा, दो अपचारी बालक पकड़े गए

बिलासपुर। जिले के क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार अलग-अलग प्रकरणों का खुलासा किया है। पुलिस ने दो विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़कर उनके कब्जे से चोरी का सामान बरामद किया है। दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार थाना बिल्हा में दर्ज अपराध क्रमांक 256/2026, 150/2026, 117/2026 एवं 84/2026 में चोरी और नकबजनी की जांच की जा रही थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर संदिग्धों पर नजर रखी जा रही थी।

इसी दौरान 13 मई 2026 की रात पुलिस को दो अपचारी बालक संदिग्ध अवस्था में घूमते मिले। पुलिस को देखकर दोनों छिपने का प्रयास कर रहे थे। पूछताछ में उन्होंने बिल्हा क्षेत्र के दगौरी, बेलटुकरी, गुमा और बिल्हा इलाके के सूने मकानों की रेकी कर चोरी करना स्वीकार किया।

आरोपियों ने सीसीटीवी कैमरा, डीवीआर, मोबाइल टॉवर का कॉपर केबल, कूलर मोटर, टुल्लू पंप तथा नकदी रकम चोरी करना कबूल किया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी का एक टुल्लू पंप और तीन कूलर मोटर बरामद किए हैं। पूछताछ में यह भी सामने आया कि चोरी की गई अन्य सामग्री फेरी वालों को बेच दी गई थी, जबकि करीब 30 हजार रुपये नकद खर्च कर दिए गए।

पुलिस ने बताया कि दोनों अपचारी बालकों के खिलाफ पूर्व में भी चोरी के मामले दर्ज हैं। विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए उनके परिजनों को सूचना दी गई तथा न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

पूरी कार्रवाई में उप निरीक्षक जी.एल. चन्द्राकर, प्रधान आरक्षक संतोष यादव, अनिल बंजारे, अमर चंद्रा, आरक्षक अर्जुन जांगड़े एवं संतोष मरकाम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!