

बिलासपुर। बिल्हा पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत कार्रवाई करते हुए रात में संदिग्ध अवस्था में घूम रहे दो युवकों को धारदार चाकू और स्टील की कैंची के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आम्र्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार थाना बिल्हा में अपराध क्रमांक 261/2026 धारा 25 आम्र्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राकेश यादव (22 वर्ष) पिता पूरनलाल यादव एवं साहिद अली (21 वर्ष) पिता साबिद अली, दोनों निवासी निपनिया थाना बिल्हा जिला बिलासपुर के रूप में हुई है।
बताया गया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में रात्रि गश्त के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह तथा नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा डी.आर. टण्डन के मार्गदर्शन में थाना बिल्हा पुलिस द्वारा शुक्रवार देर रात गश्त की जा रही थी।
इसी दौरान केशला सिटी के पास मुख्य मार्ग पर स्कूटी क्रमांक CG10CC 4066 में सवार दो युवक संदिग्ध अवस्था में मिले। पुलिस ने पूछताछ के बाद स्कूटी की तलाशी ली, जिसमें डिक्की के अंदर लोहे का धारदार चाकू और स्टील की कैंची बरामद हुई। मौके पर ही हथियार जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक तोपसिंह नवरंग, उप निरीक्षक जी.एल. चन्द्राकर, आरक्षक हरदीप मरावी तथा सुमन चंद्रवंशी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने कहा है कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
