
बिलासपुर। सरकंडा पुलिस ने घर में घुसकर तलवार और लाठी-डंडों से मारपीट करने के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक को भी किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया। पुलिस ने मुख्य आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक धारदार तलवार भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार 26 जून की रात करीब 11:30 बजे अपोलो चौक, लिंगियाडीह के पास निखिल ध्रुव अपने साथियों आदित्य दास महंत और रवि गंधर्व के साथ खड़ा था। इसी दौरान आरोपियों ने पहले उनके वाहन को टक्कर मारी और फिर गाली-गलौच करते हुए लाठी-डंडों एवं तलवार से हमला कर दिया। जान बचाने के लिए तीनों युवक पास के एक मकान में घुस गए, लेकिन आरोपी वहां भी पहुंच गए और घर के अंदर घुसकर उनके साथ मारपीट की। हमले में पीड़ितों के सिर, चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं।
घटना की रिपोर्ट पर थाना सरकंडा में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हथियार बरामद किए गए। मुख्य आरोपी सन्नी अहिरवार उर्फ बउवा अहिरवार के कब्जे से तलवार मिलने पर प्रकरण में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गईं।
गिरफ्तार आरोपियों में सन्नी अहिरवार उर्फ बउवा अहिरवार (20), संजय विश्वकर्मा उर्फ संजू (20), मुकेश यादव उर्फ मुक्की (25) तथा राहुल यादव उर्फ छोटू (26) शामिल हैं। सभी आरोपी लिंगियाडीह क्षेत्र के निवासी हैं। मामले में संलिप्त एक विधि से संघर्षरत बालक को भी विधिवत निरुद्ध किया गया है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
