
बिलासपुर। शहर में पुलिसकर्मी बनकर ठगी करने वाले शातिर बदमाशों ने एक युवक को निशाना बनाते हुए करीब 2 लाख रुपए के सोने के जेवर पार कर दिए। आरोपियों ने डिक्की चेकिंग के नाम पर युवक को बातों में उलझाया और असली जेवर की जगह नकली रखकर फरार हो गए। घटना के बाद तारबाहर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी बाइक से भागते नजर आए हैं।
जानकारी के अनुसार नूतन चौक स्थित फ्रेंड्स रेसिडेंसी निवासी आशीष पांडेय गुरुवार सुबह करीब 11 बजे स्कूटी से यूनियन बैंक, पुराना हाईकोर्ट रोड की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सीएमडी कॉलेज के पास बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें रोक लिया। दोनों ने खुद को पुलिसकर्मी जैसा बताते हुए कहा कि उनकी गाड़ी में नशीला सामान होने की सूचना मिली है, इसलिए डिक्की की जांच करनी होगी।
आशीष ने डिक्की खोलकर दिखाई। इसी बीच आरोपियों ने इलाके में बढ़ रही लूटपाट की घटनाओं का हवाला देते हुए उनसे गले की सोने की चेन और हाथ की अंगूठी निकालकर डिक्की में रखने को कहा। ठगों ने खुद ही जेवर उतरवाए और कागज में रखने का बहाना कर युवक को बातचीत में उलझा दिया। इसी दौरान उन्होंने असली जेवर की जगह नकली रख दिए और कागज मोड़कर डिक्की में रख दिया।
कुछ दूर जाने के बाद आशीष ने डिक्की खोलकर देखा तो उनके होश उड़ गए। कागज के भीतर नकली जेवर रखे थे, जबकि उनकी असली सोने की चेन और अंगूठी गायब थी। पीड़ित के मुताबिक चोरी गए जेवर की कीमत करीब 2 लाख रुपए से अधिक है।
घटना की सूचना मिलते ही तारबाहर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि वारदात किसी पेशेवर अंतरराज्यीय ठग गिरोह या ईरानी गैंग द्वारा अंजाम दी गई है। पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी हुई है।
