
यूनुस मेमन

रतनपुर के भेड़ीमुड़ा वार्ड क्रमांक 8 में युवक की तालाब में डूबने से मौत हो जाने से क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। मृतक की पहचान कृष्ण कुमार धीवर (25 वर्ष) पिता सहसराम धीवर निवासी भेड़ीमुड़ा वार्ड 8 रतनपुर के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार मृतक की मां का हाल ही में निधन हुआ था, जिसके चलते घर में दसगात्र कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान कृष्ण कुमार घर के पास स्थित जगदेवबन्द तालाब में नहाने गया था। नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। स्थानीय मछुआरों द्वारा तालाब में जाल डालकर काफी मशक्कत के बाद युवक को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
सूचना मिलने पर रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल है।
