

बिलासपुर। सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम मचखंडा स्थित एक मोबाइल एवं किराना दुकान में हुई चोरी का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पर्दाफाश कर दिया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसके साथ शामिल दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी चिन्हित किया गया है। पुलिस ने चोरी गया शत-प्रतिशत सामान बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार ग्राम मचखंडा निवासी प्रहलाद कुमार साहू (33 वर्ष) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 26 जून की दरम्यानी रात अज्ञात चोर उनकी मोबाइल एवं किराना दुकान की खिड़की के रास्ते अंदर घुस गए। चोर दुकान से पांच नए कीपैड मोबाइल, एक रियलमी 5आई एंड्रॉयड मोबाइल, दो ब्लूटूथ स्पीकर, तीन ईयरबड्स, एक फ्लिप कवर, परफ्यूम, सिगरेट तथा कुछ नकदी चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 25 हजार रुपये बताई गई।
रिपोर्ट दर्ज होने के बाद थाना प्रभारी सीपत के निर्देशन में पुलिस टीम ने तत्काल जांच शुरू की। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने सूर्यप्रकाश सूर्यवंशी (18 वर्ष 3 माह) निवासी बजौर बिटुपारा, थाना सरकंडा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपने दो विधि से संघर्षरत बाल साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गया शत-प्रतिशत सामान बरामद कर लिया। बरामद सामग्री में पांच नए कीपैड मोबाइल, एक रियलमी 5आई एंड्रॉयड फोन, दो ब्लूटूथ स्पीकर, तीन ईयरबड्स, एक फ्लिप कवर, परफ्यूम और सिगरेट शामिल हैं।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, जबकि मामले में शामिल दो विधि से संघर्षरत बालकों के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
