मामूली विवाद ने लिया जानलेवा रूप, हत्या के मामले में दो आरोपी चंद घंटे में गिरफ्तार


जांजगीर-चांपा, 5 मई 2026। जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में एक मामूली विवाद ने भयावह रूप ले लिया, जहां एक व्यक्ति की गला दबाकर और बेरहमी से मारपीट कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देसाई कुम्हार (42) निवासी खरखोद थाना पामगढ़ तथा रामनारायण प्रजापति (44) निवासी ठाकुरदेवा, चौकी मल्हार, थाना मस्तूरी जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। दोनों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1), 238 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
घटना के संबंध में बताया गया कि मृतक जगदीश प्रजापति 29 अप्रैल को अपनी पत्नी और डेढ़ वर्षीय बच्चे के साथ रिश्तेदार के विवाह समारोह में शामिल होने खरखोद गांव आया था। उसी रात करीब 11:30 बजे शराब के नशे में उसने अपनी पत्नी और बच्चे के साथ विवाद किया। स्थिति बिगड़ने पर वह घर छोड़कर गांव में ही कहीं और जाकर सो गया।
अगले दिन से उसका कोई पता नहीं चला। 3 मई को गांव के एक मकान के पीछे दीवार के पास उसका शव संदिग्ध हालत में बरामद हुआ, जिसमें सड़न शुरू हो चुकी थी। सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने पर थाना पामगढ़ में अपराध क्रमांक 191/26 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई।
एसडीओपी अकलतरा प्रदीप सोरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित पतासाजी करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने गला दबाकर तथा डंडे, हाथ-मुक्कों से मारपीट कर हत्या करना स्वीकार किया, जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर 5 मई को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पामगढ़ निरीक्षक सावन सारथी सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!