एवरेस्ट ब्रांड के नाम पर बिक रहा था शहर में नकली मसाला,  लाखों का माल किया गया जप्त

शशि मिश्रा

बिलासपुर। शहर में मिलावटी और नकली खाद्य पदार्थों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए व्यापार विहार क्षेत्र में छापा मारकर लाखों रुपए के संदिग्ध मसाले जब्त किए हैं। बताया जा रहा है कि जब्त मसालों पर नामी ब्रांड “एवरेस्ट” का लेबल लगा हुआ था, जिससे नकली होने की आशंका जताई जा रही है।

यह कार्रवाई शिकायत मिलने के बाद की गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने मौके पर पहुंचकर एक मूवर्स एंड पैकर्स कंपनी के परिसर में दबिश दी, जहां बड़ी मात्रा में मसाला स्टॉक पाया गया। प्राथमिक जांच में मसाले की गुणवत्ता और उसकी असलियत पर संदेह होने के बाद पूरा माल जब्त कर लिया गया।

अधिकारियों के अनुसार, जप्त किए गए मसालों के सैंपल जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मसाले पूरी तरह नकली हैं या मानकों के अनुरूप नहीं हैं।

मौके पर मौजूद कर्मचारियों और संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। इस मामले में सप्लाई चेन और जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है, जिससे पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सके।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने साफ संकेत दिए हैं कि अगर जांच में गड़बड़ी पाई जाती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन इस मामले में बड़ी कार्रवाई की तैयारी में है।

इस कार्रवाई के बाद व्यापार विहार सहित पूरे शहर में हड़कंप मच गया है, वहीं आम लोगों में भी खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर सतर्कता बढ़ी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!