फिंगरप्रिंट प्रशिक्षण से लैस होगी जांजगीर-चांपा पुलिस, आधुनिक फॉरेंसिक तकनीकों की दी गई जानकारी

शशि मिश्रा

जांजगीर-चांपा। अपराधों की वैज्ञानिक एवं प्रभावी विवेचना को मजबूत बनाने के उद्देश्य से जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभाकक्ष में फिंगरप्रिंट प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आधुनिक फॉरेंसिक तकनीकों, फिंगरप्रिंट साक्ष्य संकलन तथा राष्ट्रीय स्तर की पहचान प्रणालियों के उपयोग का प्रशिक्षण दिया गया।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में आयोजित इस प्रशिक्षण में बिलासपुर रेंज की फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ विद्या जौहर ने जिले के विभिन्न थाना एवं चौकियों से आए पुलिस अधिकारियों, प्रशिक्षु उप निरीक्षकों और कर्मचारियों को विस्तृत एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया।

प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञ ने मिनी फिंगरप्रिंट डेवलपिंग किट, नेशनल ऑटोमेटेड फिंगरप्रिंट आइडेंटिफिकेशन सिस्टम (NAFIS) तथा एमसीयू (MCU) के उपयोग की जानकारी दी। उन्होंने अपराध स्थल पर उपलब्ध फिंगरप्रिंट साक्ष्यों के वैज्ञानिक तरीके से संकलन, संरक्षण और विश्लेषण की प्रक्रिया समझाते हुए बताया कि फिंगरप्रिंट अपराधियों की पहचान स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और न्यायालय में मजबूत साक्ष्य के रूप में प्रस्तुत किए जा सकते हैं।

कार्यक्रम में देशभर के फिंगरप्रिंट डाटाबेस से त्वरित पहचान करने वाली NAFIS प्रणाली के व्यावहारिक उपयोग का प्रदर्शन भी किया गया। साथ ही मिनी फिंगरप्रिंट डेवलपिंग किट की सहायता से घटनास्थल पर छिपे हुए फिंगरप्रिंट विकसित करने की तकनीक का प्रदर्शन कर पुलिस कर्मियों को इसकी उपयोगिता से अवगत कराया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में अपराध विवेचना में वैज्ञानिक साक्ष्यों का महत्व लगातार बढ़ रहा है। ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम पुलिस बल की कार्यकुशलता बढ़ाने के साथ-साथ अपराधों के त्वरित और प्रभावी निराकरण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

जांजगीर-चांपा पुलिस ने कहा कि आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक अनुसंधान पद्धतियों को अपनाकर अपराध नियंत्रण एवं विवेचना को अधिक प्रभावी बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!