

छिंदवाड़ा। छिंदवाड़ा रेलवे स्टेशन अब देश के आधुनिक और आकर्षक रेलवे स्टेशनों में अपनी मजबूत पहचान बना चुका है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत हुए व्यापक पुनर्विकास के बाद स्टेशन का स्वरूप पूरी तरह बदल गया है, जहां यात्रियों को अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ स्थानीय संस्कृति की झलक भी देखने को मिल रही है।

इस पूरे प्रोजेक्ट के सतत संचालन और प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अलग से “गति शक्ति यूनिट” का गठन किया गया है। स्टेशन की यह भव्यता, आधुनिक सुविधाएं और समग्र विकास गति शक्ति यूनिट के पदाधिकारियों और सदस्यों के समन्वित प्रयासों का ही परिणाम माना जा रहा है।
स्टेशन परिसर में बड़े क्षेत्रफल में विकसित टू-व्हीलर पार्किंग के ऊपर पॉलीकार्बोनेट का भव्य शेड तैयार किया गया है, वहीं सामने सुव्यवस्थित फोर-व्हीलर पार्किंग में दीवारों पर किया गया आकर्षक आर्टवर्क इसकी खूबसूरती को और निखारता है। पार्किंग से स्टेशन भवन तक सुगम पाथवे यात्रियों के लिए सहज आवागमन सुनिश्चित करते हैं।
स्टेशन का विशाल और आकर्षक फसाड शहर की नई पहचान बन चुका है। CNC जालियों से बने झरोखे और बैकग्राउंड में जगमगाती लाइटिंग इसकी भव्यता को कई गुना बढ़ा देती है। मुख्य द्वार पर निर्मित विशाल केनोपी यात्रियों का स्वागत आधुनिक अंदाज में करता है।

टिकट काउंटर क्षेत्र को भी सांस्कृतिक रंग दिया गया है। दीवारों पर स्थानीय पर्यटन स्थलों और संस्कृति की 3D तस्वीरें उकेरी गई हैं, जिनमें पातालकोट का मनोहारी दृश्य विशेष आकर्षण का केंद्र है।

स्टेशन परिसर में विकसित भव्य गार्डन इन दिनों सबसे अधिक चर्चा में है। इस गार्डन में किए गए आर्टवर्क में छिंदवाड़ा की प्रमुख फसलों को जीवंत रूप में दर्शाया गया है, जो यहां की कृषि पहचान को दर्शाता है। हरियाली और कलात्मकता का यह संगम यात्रियों और शहरवासियों को आकर्षित कर रहा है और यह स्थान एक प्रमुख सेल्फी पॉइंट बन चुका है।

यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्लेटफॉर्म पर आधुनिक शेल्टर तैयार किए गए हैं, जिससे भीड़ का बेहतर प्रबंधन हो सके और यात्रियों को धूप व बारिश से राहत मिलते हुए व्यवस्थित तरीके से प्रतीक्षा करने की सुविधा मिल रही है।
इसके साथ ही स्टेशन में प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म तक आवागमन के लिए शानदार फुट ओवर ब्रिज का निर्माण किया गया है, जिससे यात्रियों को सुरक्षित और तेज़ आवाजाही की सुविधा मिली है।
दिव्यांगजनों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए पार्किंग से प्लेटफॉर्म तक रैंप, पाथवे और रेलिंग का समुचित निर्माण किया गया है। स्टेशन के भीतर सभी श्रेणी के यात्रियों के लिए आधुनिक विश्राम कक्ष, स्वच्छ शौचालय और दिव्यांगजनों के लिए विशेष रूप से डिजाइन किए गए टॉयलेट भी तैयार किए गए हैं।

आगमन और निकासी के लिए बनाए गए दोनों प्रमुख द्वार अपनी भव्यता के कारण लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। स्टेशन अब केवल यात्रा का केंद्र नहीं, बल्कि शहर का नया आकर्षण बन गया है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस योजना का उद्देश्य यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराना है। अमृत भारत स्टेशन योजना देशभर के रेलवे स्टेशनों की तस्वीर बदल रही है।
छिंदवाड़ा स्टेशन की इस नई पहचान की चर्चा अब आसपास के क्षेत्रों में भी हो रही है, जिससे अन्य शहरों के नागरिकों में भी अपने स्टेशनों को इसी तर्ज पर विकसित होते देखने की उम्मीद जगी है।

