
बिलासपुर। खपरगंज स्थित सेजेस लाला लाजपत राय विद्यालय में सरस्वती साइकिल वितरण एवं निःशुल्क पाठ्यपुस्तक वितरण समारोह का आयोजन उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में नगर विधायक अमर अग्रवाल, महापौर पूजा विधानी, भाजपा कार्यकर्ता दीपक साहू, विद्यालय प्रबंधन एवं विकास समिति (एसएमडीसी) के अध्यक्ष श्रीकांत साहरे, विद्यालय की प्राचार्य अनामिका तिवारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सरस्वती योजना के तहत पात्र छात्राओं को साइकिलों का वितरण किया गया। साथ ही सभी विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें प्रदान की गईं। अतिथियों ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन एवं शिक्षा के माध्यम से अपने उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने शासन की विभिन्न छात्र हितैषी योजनाओं का लाभ उठाकर निरंतर आगे बढ़ने का संदेश भी दिया।
कार्यक्रम का संचालन सुव्यवस्थित ढंग से किया गया तथा अंत में विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
