
बिलासपुर। हाल ही में बिलासपुर नगर निगम में 11 एल्डरमैन की नियुक्ति के बाद शहर के विभिन्न समाजों में उत्साह का माहौल है। इन्हीं नियुक्तियों में बंगाली समाज को भी प्रतिनिधित्व मिला है। कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए देवाशीष घोष उर्फ लालटू को नगर निगम का एल्डरमैन नियुक्त किया गया है। सोमवार को उन्होंने अन्य नवनियुक्त एल्डरमैन के साथ पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की।
देवाशीष घोष को एल्डरमैन बनाए जाने पर बंगाली समाज ने खुशी व्यक्त करते हुए उनका सम्मान किया। समाज के सदस्यों ने उनसे मुलाकात कर पुष्पगुच्छ भेंट किया और नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उपस्थित लोगों ने विश्वास जताया कि देवाशीष घोष नगर निगम में बंगाली समाज की समस्याओं और अपेक्षाओं को प्रभावी ढंग से उठाते हुए समाज की आवाज बनेंगे।
सम्मान समारोह में भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के अध्यक्ष देवाशीष दत्ता, रूपम घोष, सुमित कुंडू, प्रसून बनर्जी, रवि घोष, विवेक डे सहित बंगाली समाज के अनेक सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने एल्डरमैन बनने पर देवाशीष घोष को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
इस अवसर पर देवाशीष घोष ने समाज के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन और समाज ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि नगर निगम में सभी वर्गों के हितों को ध्यान में रखते हुए शहर के विकास, जनसुविधाओं के विस्तार और नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रियता से कार्य करेंगे। साथ ही बंगाली समाज की भावनाओं और अपेक्षाओं का भी पूरा सम्मान करते हुए उनकी समस्याओं के निराकरण के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
