
बिलासपुर। तोरवा पुलिस ने महिला के निजी फोटो और वीडियो का दुरुपयोग कर उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने कथित रूप से पीड़िता के व्हाट्सएप खाते से छेड़छाड़ कर उसके ही स्टेटस पर निजी वीडियो और संपादित तस्वीरें अपलोड कर उसे बदनाम करने का प्रयास किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 20 जुलाई 2026 को पीड़िता ने थाना तोरवा में लिखित शिकायत दर्ज कराई कि उसके पूर्व परिचित प्रशांत राज (23 वर्ष), निवासी ग्राम खैरा, थाना रतनपुर, ने दोनों के निजी पलों के फोटो और वीडियो अपने पास सुरक्षित रखे थे। बाद में आरोपी ने कथित रूप से इन्हीं फोटो और वीडियो का दुरुपयोग करते हुए पीड़िता के व्हाट्सएप खाते से छेड़छाड़ की और उसके ही व्हाट्सएप स्टेटस पर निजी वीडियो तथा एडिट किए गए फोटो अपलोड कर वायरल कर दिए।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि विरोध करने पर आरोपी ने पीड़िता को जान से मारने की धमकी दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना तोरवा में तत्काल अपराध क्रमांक 395/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने तकनीकी और भौतिक साक्ष्य जुटाकर आरोपी की तलाश की। जांच के दौरान आरोपी का पता ग्राम खैरा, थाना रतनपुर में चला, जहां से उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 77 एवं 351(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा आईटी एक्ट की धारा 66(E) और 67(A) के तहत कार्रवाई की है। आरोपी को 21 जुलाई को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, मामले में इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच और अन्य पहलुओं पर विस्तृत विवेचना जारी है।
