TCS मामले में बड़ी कार्रवाई: फरार आरोपी निदा खान गिरफ्तार, संभाजीनगर के फ्लैट में छिपकर रह रही थी, जिस पर अब बुलडोजर कार्रवाई की तैयारी


महाराष्ट्र के चर्चित टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) मामले में नासिक पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। लंबे समय से फरार चल रही महिला आरोपी निदा खान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे छत्रपति संभाजीनगर स्थित एक फ्लैट से पकड़ा, जहां वह अपने परिवार के साथ छिपकर रह रही थी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, नासिक पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) पिछले करीब 25 दिनों से उसकी तलाश में जुटी हुई थी। लगातार लोकेशन बदलने और गिरफ्तारी से बचने की कोशिशों के बावजूद आखिरकार पुलिस ने उसे दबोच लिया।


गर्भावस्था का हवाला देकर मांगी थी अग्रिम जमानत
जांच में सामने आया है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए निदा खान ने अदालत में अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी। उसने खुद को गर्भवती बताते हुए राहत देने की मांग की थी, लेकिन अदालत ने उसकी दलीलों को स्वीकार नहीं किया।
स्थानीय अदालत ने उसकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी। इससे पहले 20 अप्रैल को भी अदालत ने उसे अंतरिम सुरक्षा देने से इनकार कर दिया था। SIT ने कोर्ट में जांच से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज और रिपोर्ट पेश करते हुए जमानत का कड़ा विरोध किया था।
परिवार के साथ रह रही थी आरोपी
सूत्रों के मुताबिक, जिस फ्लैट से निदा खान को गिरफ्तार किया गया, वहां उसके साथ उसकी मां, पिता, भाई और मौसी सहित कुल पांच लोग मौजूद थे। पुलिस ने देर रात उसे अदालत में पेश किया, जहां से आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
गंभीर आरोपों में नाम शामिल
निदा खान पर धार्मिक भावनाएं भड़काने, मुख्य आरोपियों की मदद करने और यौन शोषण से जुड़े मामलों में सहयोग करने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। जांच एजेंसियों का मानना है कि वह मामले के कई अहम तथ्यों से परिचित है और उसकी गिरफ्तारी से जांच को नई दिशा मिल सकती है।
अब तक 9 एफआईआर दर्ज
इस पूरे मामले में अब तक कुल 9 एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं। इनमें एक मामला देवलाली कैंप पुलिस थाना में तथा बाकी मामले मुंबई नाका पुलिस थाना में दर्ज किए गए हैं।
निदा खान से पहले पांच अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस हिरासत में लिया जा चुका है। मामले के मुख्य आरोपी सैफी शेख और रजा मेमन बताए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने बताया गंभीर मामला
देवेंद्र फडणवीस ने भी इस मामले को बेहद गंभीर बताते हुए कहा है कि राज्य सरकार इसकी गहन जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य की एजेंसियां विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर रही हैं ताकि पूरे मामले की तह तक पहुंचा जा सके।
मुख्यमंत्री ने संकेत दिए कि मामले में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और जांच के आधार पर आगे कठोर कार्रवाई की जाएगी।
अवैध निर्माण पर भी कार्रवाई की तैयारी
जानकारी के अनुसार, जिस मकान में निदा खान छिपकर रह रही थी, उसका निर्माण कथित रूप से अवैध पाया गया है। प्रशासन ने मकान मालिक को नोटिस जारी कर दिया है और भवन को ध्वस्त करने की तैयारी की जा रही है। स्थानीय प्रशासन निर्माण से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच कर रहा है।
फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े अन्य आरोपियों और नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!