बिलासपुर में ‘गो सम्मान आवाहन अभियान’ के तहत हस्ताक्षर अभियान तेज, 27 अप्रैल को तहसील कार्यालय तक पदयात्रा


बिलासपुर। सम्पूर्ण विश्व में गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने तथा गौ मंत्रालय के गठन की मांग को लेकर चलाए जा रहे ‘गो सम्मान आवाहन अभियान’ के अंतर्गत शहर में व्यापक जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बिलासपुर स्थित गौसेवा धाम के गौसेवकों द्वारा शहर के विभिन्न गली-मोहल्लों में पहुंचकर लोगों से संपर्क किया जा रहा है तथा हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से समर्थन जुटाया जा रहा है।


अभियान से जुड़े गौसेवकों ने बताया कि यह राष्ट्रव्यापी पहल है, जिसके तहत आगामी 27 अप्रैल को पूरे भारत की लगभग पांच हजार तहसीलों में एक साथ ज्ञापन के माध्यम से प्रार्थना पत्र सौंपा जाएगा। इस प्रार्थना पत्र में गौमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा देने तथा गौ संरक्षण और संवर्धन के लिए पृथक गौ मंत्रालय की स्थापना की मांग प्रमुख रूप से की जाएगी।


बिलासपुर में चल रहे इस अभियान के दौरान गौसेवक घर-घर जाकर लोगों को गौ संरक्षण के महत्व के बारे में जागरूक कर रहे हैं। हस्ताक्षर अभियान में आम नागरिकों के साथ-साथ साधु-संतों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों की भी सक्रिय भागीदारी देखने को मिल रही है। लोगों में अभियान को लेकर उत्साह देखा जा रहा है और बड़ी संख्या में नागरिक अपनी सहमति देते हुए हस्ताक्षर कर रहे हैं।


अभियान से जुड़े कार्यकर्ताओं ने जानकारी दी कि 27 अप्रैल को शहर में भव्य पदयात्रा निकाली जाएगी, जिसमें साधु-संतों, गौभक्तों और आम नागरिकों की बड़ी संख्या में शामिल होने की संभावना है। यह पदयात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए तहसील कार्यालय पहुंचेगी, जहां तहसीलदार के माध्यम से भारत सरकार के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।
गौसेवकों ने नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस अभियान से जुड़ें तथा 27 अप्रैल को आयोजित पदयात्रा में शामिल होकर गौ संरक्षण और संवर्धन के इस अभियान को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!