
शशि मिश्रा

तंत्र-मंत्र चमत्कार और बाबाओ पर विश्वास रखने वाले अक्सर ठगे जाते हैं फिर भी अंधविश्वासियों को सबक नहीं मिलता। ऐसी ही एक महिला दुष्कर्म का शिकार हो गई । कथित बाबा ने बार-बार उसके साथ बलात्कार किया।
दरअसल चैत्र नवरात्रि के दौरान कथित निर्मल बाबा उर्फ स्वामी निर्मल जी 60 वर्ष निवासी नासिक महाराष्ट्र पदयात्रा करते हुए पामगढ़ क्षेत्र में पहुंचा था, जहां उसने खुद को चमत्कारी बाबा बात कर लोगों की समस्या दूर करने का दावा किया। इसी दौरान पीड़ित महिला अपनी सहेली के साथ उससे मिलने गई तो निर्मल बाबा ने उसका हाथ देखकर भरोसा दिलाया कि उसका इलाज करेगा और उससे मोबाइल नंबर ले लिया।
26 मार्च को पामगढ़ क्षेत्र के बाजार में उसे बुलाया और प्रसाद देकर अपने साथ चलने के लिए बहलाया। महिला उस बाबा के झांसे में आ गई और उसके साथ बिलासपुर और फिर ट्रेन से मैहर पहुंची, जहां होटल में दोनों ठहरे। इस दौरान इलाज के नाम पर उस बाबा ने बार-बार महिला के साथ बलात्कार किया। फिर 1 अप्रैल को महिला को बिलासपुर में छोड़कर गायब हो गया।
इसके बाद भी वह बार-बार महिला को फोन कर परेशान करता रहा। जब महिला ने उसका नंबर ब्लॉक कर दिया तो उसने महिला के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर उसकी अश्लील फोटो पोस्ट कर वायरल कर दिया। मामले की शिकायत की गई तो पुलिस ने इसे गंभीरता से लिया और फिर हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला से टीम ने उसे गिरफ्तार किया । चूंकि वह खुद को बाबा कहता था इसलिए पुलिस ने भी सतर्कता बरती तो पाया कि आरोपी स्वामी निर्मल फर्जी बाबा है। पुलिस ने उसके खिलाफ बलात्कार और आईटी एक्ट की धारा के तहत कार्यवाही करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है
