मंदिर में बजरंगबली की मूर्ति खंडित करने वाला आरोपी गिरफ्तार

शशि मिश्रा


शिवरीनारायण पुलिस व साइबर टीम की संयुक्त कार्रवाई, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
जांजगीर-चांपा। जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मुड़पार में स्थित एक मंदिर में बजरंगबली की मूर्ति खंडित करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना से क्षेत्र में धार्मिक आस्था को ठेस पहुंचने पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार, 20 अप्रैल 2026 को सूचना प्राप्त हुई थी कि मुड़पार गांव के एक खेत में बने छोटे मंदिर में स्थापित बजरंगबली की मूर्ति को अज्ञात व्यक्ति द्वारा क्षतिग्रस्त कर दिया गया है। सूचना मिलते ही शिवरीनारायण थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर अज्ञात आरोपी की तलाश शुरू की।
प्रभारी पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में पुलिस और साइबर टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए संदेह के आधार पर विजय बंजारे उर्फ भोंदू (33 वर्ष), निवासी मुड़पार को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने घटना को स्वीकार करते हुए बताया कि वह पारिवारिक विवाद के कारण मानसिक तनाव में था और गुस्से में आकर डंडे से मूर्ति को खंडित कर दिया।
आरोपी ने यह भी बताया कि उसने एक अन्य स्थान पर स्थित शिव मंदिर में त्रिशूल तोड़ने का प्रयास किया था, जिसमें उसके हाथ में चोट भी आई थी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा बरामद कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव, साइबर थाना से निरीक्षक सागर पाठक, प्रधान आरक्षक राजकुमार चंद्रा, आरक्षक विवेक सिंह, रोहित कहरा, सहबाज खान, प्रतीक सिंह सहित शिवरीनारायण थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!