

बिलासपुर। जिले के सकरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पेंडारी में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। ईंट रखने की बात को लेकर हुए झगड़े में पड़ोसियों ने एक ही परिवार पर हंसिया और लाठी से हमला कर दिया, जिससे पांच लोग घायल हो गए। घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पेंडारी निवासी बघेल परिवार में हाल ही में शादी का कार्यक्रम था। रविवार रात शादी से लौटने के बाद सोमवार शाम परिवार के सदस्य घर पर आराम कर रहे थे। इसी दौरान रात करीब 8 बजे ईंट रखने को लेकर पड़ोसियों से विवाद शुरू हुआ।

देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि पड़ोसियों ने लाठी और धारदार हंसिया से हमला कर दिया। इस हमले में हंसराज बघेल, जितेंद्र बघेल, सहेतीन बघेल, ऊषा बघेल और परमानंद बघेल घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां ऊषा बघेल सहित तीन लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दूसरे पक्ष के लक्ष्मण बघेल, मुकेश बघेल, दिलीप बघेल, सुमित्रा बघेल और अर्चना बघेल को हिरासत में लेकर थाने में बैठाया है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
