
बिलासपुर। शहर की बिगड़ती ट्रैफिक व्यवस्था का जायजा लेने निकला नगर निगम अमला सोमवार को खुद जाम में फंस गया। सीपत रोड स्थित चांटीडीह के आरके पेट्रोल पंप के पास लगे भीषण जाम में निगम अधिकारियों की गाड़ियां भी करीब आधे घंटे तक अटकी रहीं। हालात इतने बिगड़ गए कि एक टीम को सीपत चौक से लौटकर सरकंडा मुक्तिधाम होते हुए बहतराई चौक की ओर जाना पड़ा।
जाम के दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं और ट्रैफिक रेंगता नजर आया। मौके पर पहुंचे नगर निगम कमिश्नर प्रकाश सर्वे, जोन कमिश्नर प्रवीण शर्मा, एडिशनल एसपी और बिजली विभाग के अधिकारियों ने सीपत चौक से वसंत विहार चौक और डी-मार्ट तक पूरे मार्ग का निरीक्षण किया।
अतिक्रमण और बिजली ढांचा बना बड़ी बाधा निरीक्षण के दौरान सामने आया कि सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे और ट्रांसफार्मर ट्रैफिक में बड़ी बाधा बन रहे हैं। इसके अलावा सड़क किनारे खड़े वाहन और ठेले भी जाम की प्रमुख वजह हैं। निगम कमिश्नर ने बिजली विभाग को खंभे और ट्रांसफार्मर शिफ्ट करने के निर्देश दिए।
डी-मार्ट और चौराहों पर सख्ती के निर्देश कमिश्नर ने डी-मार्ट के सामने खड़े होने वाले चार पहिया वाहनों को हटाने, बहतराई चौक की टर्निंग फ्री कराने और वसंत विहार क्षेत्र में सड़क किनारे लगे ठेलों को हटाने के निर्देश भी दिए। अधिकारियों ने माना कि इन अव्यवस्थाओं के कारण ट्रैफिक दबाव बढ़ रहा है।
आज कलेक्टर-एसएसपी करेंगे निरीक्षण शहर में लगातार बिगड़ती ट्रैफिक स्थिति को देखते हुए मंगलवार को कलेक्टर और एसएसपी भी सीपत रोड और आसपास के प्रमुख चौराहों का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान जाम की समस्या के स्थायी समाधान को लेकर अहम और सख्त फैसले लिए जाने की संभावना है।
लगातार बढ़ते ट्रैफिक दबाव और अव्यवस्थित प्रबंधन के कारण शहरवासियों को रोजाना जाम से जूझना पड़ रहा है। अब प्रशासन के निरीक्षण और निर्देशों के बाद लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
