

बिलासपुर। टमाटर की बढ़ी हुई कीमतों से परेशान उपभोक्ताओं को अब राहत मिलने लगी है। बेंगलुरु से आवक बढ़ने के कारण महज 20 दिनों में टमाटर के दाम लगभग आधे हो गए हैं। जून के दूसरे सप्ताह में 60 रुपए प्रति किलो तक बिकने वाला टमाटर अब शहर के खुदरा बाजार में 25 रुपए प्रति किलो तक उपलब्ध है। इसके साथ ही लौकी, कद्दू, खीरा और कुंदरू जैसी कई सब्जियों के दाम में भी गिरावट दर्ज की गई है।
तिफरा सब्जी मंडी के व्यापारियों के अनुसार पहले प्रतिदिन करीब 200 टन टमाटर की आवक हो रही थी, जो अब बढ़कर 325 टन या उससे अधिक हो गई है। बेंगलुरु में कीमतें कम होने और आपूर्ति बढ़ने से स्थानीय बाजार में भी इसका सीधा असर दिखाई दे रहा है। मांग की तुलना में आपूर्ति अधिक होने से थोक बाजार में टमाटर 14 से 15 रुपए प्रति किलो तक बिक रहा है, जबकि खुदरा बाजार में इसका भाव 25 रुपए प्रति किलो है।
व्यापारियों ने बताया कि वर्तमान में कुंदरू 10 से 12 रुपए, खीरा 12 से 13 रुपए, कद्दू 10 रुपए, हरी मिर्च 30 रुपए तथा मोटा करेला 20 से 22 रुपए प्रति किलो बिक रहा है।
हालांकि, उपभोक्ताओं का कहना है कि टमाटर सस्ता होने से कुछ राहत जरूर मिली है, लेकिन अधिकांश हरी सब्जियों की कीमतें अब भी अपेक्षाकृत अधिक हैं, जिससे रसोई का बजट पूरी तरह संतुलित नहीं हो पाया है।
20 जुलाई के बाद और घट सकते हैं दाम
तिफरा मंडी व्यापारी संघ के सचिव रामकुमार साहू ने बताया कि फिलहाल बाजार में छोटे किसानों की फसल ही आ रही है, जिसकी आवक सीमित है। उन्होंने कहा कि 20 जुलाई के बाद जिले के बड़े कृषि क्षेत्रों से सब्जियों की आवक बढ़ने लगेगी। इसके बाद करेला, बरबट्टी सहित अन्य मौसमी सब्जियों के दाम में भी उल्लेखनीय गिरावट आने की संभावना है।
