
झालोद। गुजरात के झालोद में शादी का झांसा देकर 40 वर्षीय युवक से 2.40 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। शादी के दो दिन बाद ही दुल्हन रिश्तेदार के दुर्घटनाग्रस्त होने का बहाना बनाकर फरार हो गई। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने बिचौलियों और मध्य प्रदेश के एक कथित गिरोह के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, झालोद तालुका की पंचाल सोसायटी निवासी हितेशकुमार परषोतमदास पंचाल (40) के लिए परिवार विवाह योग्य लड़की की तलाश कर रहा था। इसी दौरान रणीयार गांव निवासी कृष्णकांत उर्फ किशनभाई रमणलाल पटेल ने उनसे संपर्क किया और मध्य प्रदेश के कुक्षी में बाबूलाल लक्ष्मणभाई पाटीदार तथा तरुणभाई नामक व्यक्तियों से मुलाकात कराई। वहां उन्हें ममता चौहान नाम की युवती दिखाई गई।
शादी तय होने के बाद बिचौलियों ने अलग-अलग समय पर कुल 2.40 लाख रुपए नकद ले लिए। इसके बाद 22 अप्रैल को कुक्षी के पास एक गांव में सादे समारोह में दोनों का विवाह कराया गया और दुल्हन को झालोद लाया गया।
आरोप है कि शादी के महज दो दिन बाद, 26 अप्रैल को ममता ने अपने चाचा के सड़क दुर्घटना में घायल होने का बहाना बनाया और एक बाइक सवार के साथ घर से चली गई। इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। वहीं, बिचौलियों ने भी अपने मोबाइल फोन बंद कर लिए और ली गई रकम वापस नहीं की।
खुद के साथ ठगी होने का एहसास होने पर हितेशकुमार पंचाल ने ममताबेन प्रेमसिंह चौहान और उसके साथियों के खिलाफ झालोद पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
