
बिलासपुर। भारतीय जनसंघ के संस्थापक, प्रखर राष्ट्रवादी, महान शिक्षाविद् एवं एकात्म भारत के प्रबल समर्थक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी की जयंती पर भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने डॉ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी चौक पुराना बस स्टैण्ड स्थित डॉ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किये। इस अवसर पर उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उनके राष्ट्रनिर्माण में दिए गए योगदान को स्मरण किया गया।
इस मौके पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष व बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के लिए समर्पित रहा। उन्होंने देश की एकता एवं अखंडता के लिए जो संघर्ष किया, वह आज भी प्रत्येक राष्ट्रभक्त के लिए प्रेरणास्रोत है। “एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे” का उनका उद्घोष भारत की एकता के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक था। श्री कौशिक ने कहा कि डॉ. मुखर्जी जी ने राष्ट्रीय हितों को सर्वोपरि रखते हुए अपने सिद्धांतों से कभी समझौता नहीं किया। उनका त्याग, संघर्ष और राष्ट्र के प्रति समर्पण भारतीय जनता पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश आज जिस सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित भारत की दिशा में आगे बढ़ रहा है, उसमें डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी के विचारों और संकल्पों की स्पष्ट झलक दिखाई देती है। भाजपा कार्यकर्ता डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाये तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए संगठन की रीति-नीति और विचारधारा को मजबूती प्रदान करने के लिए समर्पित भाव से कार्य करें। यही डॉ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इस अवसर पर उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया व पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनके आदर्शों एवं राष्ट्रसेवा के संकल्प को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में महापौर पूजा विधानी, चंद्रप्रकाश बाजपेयी, रितेश अग्रवाल, तुलसी कौशिक, देवेन्द्र पाठक, शैलेन्द्र यादव, मनीष अग्रवाल, योगेश बोले, सतीश गुप्ता, गणेश रजक, मनीष गुप्ता, श्रीकांत सहारे, रिंकू मित्रा, देवेश खत्री, वैभव गुप्ता, महर्षि बाजपेयी, निलेश सिंह, अमित सिंह, सत्यजीत भौमिक, स्मृति जैन सहित भाजपा जिला बिलासपुर शहर के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी तथा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
