
रायपुर। गाजियाबाद के एक कारोबारी से तंत्र-मंत्र और पूजा-पाठ के नाम पर 35 लाख रुपए की कथित ठगी का मामला सामने आया है। कारोबारी अपने भाई की संदिग्ध मौत का कारण जानना चाहता था। इसी दौरान उसकी मुलाकात एक कथित बाबा से हुई, जिसने तंत्र साधना के जरिए मौत का रहस्य बताने का दावा किया। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी बाबा की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, गाजियाबाद निवासी ऋषभ चौबे के भाई की पिछले वर्ष संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। घटना के बाद ऋषभ को भाई की मौत को लेकर संदेह था। उनके पिता के एक परिचित के माध्यम से रायपुर में उनकी मुलाकात बाबा नरेंद्र नयन शास्त्री से हुई।
आरोप है कि बाबा ने तंत्र साधना और विशेष पूजा-पाठ के जरिए भाई की मौत का कारण बताने का भरोसा दिलाया। इसके एवज में उसने अलग-अलग किश्तों में करीब आठ महीने के दौरान 10 लाख रुपए ले लिए। बाद में कथित अनुष्ठान के नाम पर 25 लाख रुपए कीमत की एक कार भी खरीदवा ली।
शिकायत के अनुसार, 35 लाख रुपए खर्च करने के बावजूद न तो बाबा ने भाई की मौत से जुड़ी कोई जानकारी दी और न ही कोई समाधान बताया। खुद को ठगा महसूस होने पर ऋषभ चौबे ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने आरोपी नरेंद्र नयन शास्त्री के खिलाफ ठगी का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।
