
बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र के संबलपुरी स्थित खालसा ढाबा में तलवार से हमला कर मारपीट और वाहन में तोड़फोड़ करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त तलवार भी बरामद कर ली गई है।
पुलिस के अनुसार, हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी (26), निवासी तरनतारण (पंजाब), वर्तमान में खालसा ढाबा, संबलपुरी में रह रहा था। उसके खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 115(2), 351(3), 324(4) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि पंजाब के बटाला निवासी ट्रेलर चालक मख्खन सिंह रायगढ़ से लोहा लोड कर पंजाब जा रहे थे। रविवार दोपहर करीब 12 बजे वे खाना खाने के लिए संबलपुरी स्थित खालसा ढाबा पहुंचे। उस समय ढाबे के पास हरप्रीत सिंह का कुछ लोगों से विवाद चल रहा था। विवाद शांत कराने के लिए मख्खन सिंह के साथ दरबारा सिंह और इशाक खान बीच-बचाव करने पहुंचे।
आरोप है कि इस दौरान हरप्रीत सिंह ने तीनों से गाली-गलौज की और ढाबे से तलवार लाकर दरबारा सिंह एवं इशाक खान पर हमला कर दिया। तलवार के चपटे हिस्से से किए गए वार में दरबारा सिंह की पीठ और इशाक खान के सिर में चोट आई। आरोपी ने मख्खन सिंह और इशाक खान के वाहनों के शीशे भी तोड़ दिए तथा तलवार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी।
घटना की सूचना मिलते ही सकरी पुलिस ने मामला दर्ज कर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में त्वरित कार्रवाई की। डायल-112 की सहायता से आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक तलवार जब्त की गई। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि कार्रवाई में प्रधान आरक्षक चोलाराम पटेल तथा डायल-112 के आरक्षक धीरेंद्र ध्रुव की विशेष भूमिका रही।
