
यूनुस मेमन

बिलासपुर। रतनपुर थाना क्षेत्र में अपराध पर नियंत्रण के लिए पुलिस ने सख्त कदम उठाते हुए गुण्डा और निगरानी बदमाशों को थाने तलब किया। इस दौरान कुल 20 बदमाशों की उपस्थिति दर्ज कराई गई, जिन्हें कड़ी चेतावनी और समझाइश देकर छोड़ा गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर थाना रतनपुर में यह कार्रवाई की गई। प्रशिक्षु आईपीएस एवं थाना प्रभारी अंशिका जैन के नेतृत्व में 4 निगरानी बदमाश, 16 गुण्डा बदमाश और 2 माफी बदमाशों को थाने बुलाया गया।
थाने में सभी बदमाशों की परेड कराई गई और उन्हें सख्त निर्देश दिए गए कि वे भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि में शामिल न हों। साथ ही शांतिपूर्ण जीवन जीने और क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने की समझाइश दी गई।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि यदि कोई भी बदमाश दोबारा अपराध में लिप्त पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। रतनपुर पुलिस द्वारा क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी है।
