

बिलासपुर। तारबाहर थाना क्षेत्र में अनाज व्यापारी से लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी द्वारा फर्जी भुगतान के स्क्रीनशॉट भेजकर करीब 17 लाख 84 हजार रुपये की ठगी की गई थी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी संदीप अग्रहरि, जो व्यापार विहार बिलासपुर में अनाज का थोक व्यापार करते हैं, ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि आरोपी राजेंद्र खांडेकर (32 वर्ष) निवासी झूमरपाली भटगांव, थाना भटगांव जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़, संचालक अक्षांश किराना भंडार, द्वारा नवंबर 2025 से मार्च 2026 के बीच कई बार अनाज मंगवाया गया।
आरोपी हर बार मोबाइल पर भुगतान किए जाने का फर्जी स्क्रीनशॉट भेजता रहा, जिससे भरोसा कर प्रार्थी ने अलग-अलग तारीखों में कुल ₹17,84,000 का माल भेज दिया। बाद में जांच करने पर पता चला कि प्रार्थी के खाते में एक भी रुपये जमा नहीं हुए थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक सिटी कोतवाली गगन कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र अनंत के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपी के खिलाफ रेड कार्रवाई की गई।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल, एक लैपटॉप, तीन कट्टी अरहर दाल, चार कट्टी गेहूं और 74 कट्टी चावल जब्त किया गया है।
इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक रविन्द्र अनंत, एएसआई संजय शर्मा, प्रधान आरक्षक जय सिंह ध्रुवे और आरक्षक रूपलाल चंद्रा की सराहनीय भूमिका रही।
