दिव्यांग शिविर में कृत्रिम अंगों का वितरण, लाभार्थियों के चेहरों पर लौटी मुस्कान


बिलासपुर। धर्म जागरण समन्वय एवं वार्ड नंबर 32 शहीद विनोद चौबे नगर के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित दिव्यांग शिविर के तीसरे दिन दिव्यांगजनों को कृत्रिम हाथ, पैर एवं कैलीपर का वितरण किया गया। यह शिविर 1 से 5 तारीख तक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में जरूरतमंद लोग लाभान्वित हो रहे हैं।
कार्यक्रम में कान्य कुब्ज ब्राह्मण समाज से अरविंद दीक्षित, स्वयं सिद्धा फाउंडेशन के अध्यक्ष समाजसेवी चंचल सलूजा, कोषाध्यक्ष प्रभात मिश्रा, प्रसिद्ध नेत्र विशेषज्ञ डॉ. ललित मखीजा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उत्कर्ष दुबे मंच पर उपस्थित रहे। वार्ड पार्षद अमित तिवारी ने सभी अतिथियों का गुलदस्ता भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया।


मंच संचालन कर रहे भृगु अवस्थी ने आयोजन की रूपरेखा पर प्रकाश डाला। अतिथियों ने अपने उद्बोधन में इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों से दिव्यांगजनों को नई दिशा और आत्मनिर्भरता मिलती है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों तक इस सुविधा का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों के हाथों दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग वितरित किए गए, जिन्हें पहनकर लाभार्थी अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। इस दौरान आयोजन समिति एवं अतिथियों ने महावीर सेवा सदन, कोलकाता से आए डॉक्टरों एवं टेक्नीशियनों का हृदय से आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!