

बिलासपुर। जिले के मस्तुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत गतौरा स्थित धान खरीदी केंद्र में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी और गबन का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, सेवा सहकारी समिति मर्यादित, गतौरा (पंजीयन क्रमांक 1294) के धान खरीदी केंद्र में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के दौरान धान खरीदी में हेरफेर किए जाने की शिकायत जिला सहकारी केंद्रीय बैंक, मस्तुरी द्वारा दर्ज कराई गई थी। शिकायत के बाद संयुक्त जांच दल द्वारा भौतिक सत्यापन किया गया, जिसमें 919.96 क्विंटल धान कम पाया गया।
जांच में सामने आया कि संस्था प्रबंधक कोमल प्रसाद चंद्रकार (46), प्राधिकृत अध्यक्ष राजेंद्र राठौर (64), धान खरीदी प्रभारी लव कुमार यादव और कंप्यूटर ऑपरेटर हुलेश्वर धीरही (38) ने मिलकर नियमों का उल्लंघन करते हुए धान का गबन किया। इस गड़बड़ी से शासन को करीब 28 लाख 51 हजार रुपये का नुकसान हुआ है।
मामले में मस्तुरी पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316(5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी कोमल प्रसाद चंद्रकार, राजेंद्र राठौर और हुलेश्वर धीरही को उनके ठिकानों पर दबिश देकर हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध करना स्वीकार कर लिया।
इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को 3 अप्रैल 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में अन्य आरोपी की भूमिका की भी जांच जारी है।
