

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के गांधी मैदान में प्रथम खेलो इंडिया ट्राईबल गेम्स 2026 के अंतर्गत मलखंभ प्रतियोगिता का शुभारंभ हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। आदिवासी संस्कृति के प्रमुख पर्व सरहूल के दिन आयोजित इस खेल महाकुंभ ने क्षेत्र में उत्साह और उत्सुकता का माहौल बना दिया है।
उद्घाटन समारोह नगर निगम अंबिकापुर के सभापति हरविंदर सिंह टिन्नी के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर संभागीय आयुक्त नरेन्द्र दुग्गा, आईजी सरगुजा दीपक झा, पद्मश्री उदय सी. देशपांडे (मुंबई), एमएफआई दिल्ली के पूर्व महासचिव धरमवीर सिंह, छत्तीसगढ़ मलखंभ संघ के अध्यक्ष प्रेमचंद शुक्ला एवं महासचिव डॉ. राजकुमार शर्मा सहित अनेक गणमान्य अतिथि, तकनीकी अधिकारी, खिलाड़ी एवं कोच उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता के लिए मैदान में विशेष रूप से वातानुकूलित डोम एवं आधुनिक पोडियम तैयार किए गए हैं, जहां पोल, हैंगिंग और रोप मलखंभ स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं। यह प्रतियोगिता 2 अप्रैल से 4 अप्रैल 2026 तक आयोजित होगी, जिसमें देशभर की 13 टीमें हिस्सा ले रही हैं।

पहले दिन छत्तीसगढ़ का दबदबा
प्रतियोगिता के पहले दिन विभिन्न राज्यों की पुरुष टीमों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। इसमें छत्तीसगढ़ की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 124.35 अंक अर्जित कर प्रथम स्थान हासिल किया। महाराष्ट्र की टीम 118.35 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रही, जबकि झारखंड ने 86.95 अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान प्राप्त किया।
आयोजन में जुटी टीम
इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के सफल संचालन की जिम्मेदारी छत्तीसगढ़ शासन द्वारा छत्तीसगढ़ मलखंभ संघ के महासचिव डॉ. राजकुमार शर्मा को प्रतियोगिता प्रबंधक एवं राज्य समन्वयक के रूप में सौंपी गई है। खेल संचालनालय सरगुजा के अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम दिन-रात मेहनत कर आयोजन को सफल बनाने में जुटी हुई है।

छत्तीसगढ़ की लगातार सफलता
विदित हो कि छत्तीसगढ़ की मलखंभ टीम पिछले कई वर्षों से राष्ट्रीय खेल, खेलो इंडिया एवं बीच गेम्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य का नाम रोशन करती रही है। इस बार भी टीम ने पहले ही दिन शानदार जीत दर्ज कर अपनी श्रेष्ठता साबित कर दी है।
आदिवासी अंचल में आयोजित इस प्रतियोगिता से स्थानीय युवाओं और नागरिकों में खेल के प्रति नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ है।
प्रतियोगिता की सफलता के लिए केंद्रीय शहरी आवास राज्य मंत्री एवं सांसद तोखन साहू, खेल मंत्री अरुण साव, विधायक सुशांत शुक्ला सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों एवं खेल अधिकारियों ने शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
