
शशि मिश्रा

जांजगीर-चांपा। जिले में जुआ-सट्टा पर लगाम कसने के अभियान के तहत बिर्रा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आम बगीचे में जुआ खेल रहे 12 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से नगदी और ताश की गड्डियां जब्त की गई हैं।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में चल रही कार्रवाई के दौरान 1 अप्रैल को मुखबिर की सूचना पर बिर्रा पुलिस ने ग्राम सोनादह स्थित आम बगीचे में दबिश दी। घेराबंदी कर मौके पर जुआ खेल रहे आरोपियों को पकड़ लिया गया। जांच में दो अलग-अलग फड़ संचालित होना पाया गया, जिस पर छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत दो प्रकरण दर्ज किए गए।
पुलिस ने मौके से कुल 15,970 रुपये नगद और ताश की गड्डियां जब्त की हैं। पकड़े गए जुआरियों में जांजगीर-चांपा के अलावा सक्ती और बलौदाबाजार-बिलाईगढ़ जिले के आरोपी भी शामिल हैं, जिससे अंतरजिला स्तर पर जुआ नेटवर्क संचालित होने की आशंका जताई जा रही है।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
कार्रवाई में प्रदीप कुमार खूंटे, कृष्णा मनहर, शिवा निराला, दुर्गेश साहू, लोकनाथ खूंटे, खोलबहरा रात्रे, डहारू कश्यप, मंजित सारथी, धर्मेश धीवर, सम्मेलाल कश्यप, राकेश साहू और खिरोज कुमार रात्रे को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी बिर्रा निरीक्षक जय कुमार साहू, उपनिरीक्षक नरेन्द्र शुक्ला, उपनिरीक्षक तीजराम जांगड़े सहित पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि जुआ और सट्टा के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
