

बिलासपुर। पुलिस विभाग के ‘सशक्त ऐप’ ने एक बार फिर अपनी उपयोगिता साबित करते हुए 7 साल पुराने बाइक चोरी के मामले का खुलासा कर दिया। सरकंडा पुलिस ने आकस्मिक वाहन चेकिंग के दौरान एक युवक को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग के निर्देश पर ‘सशक्त ऐप’ के माध्यम से वाहनों के रजिस्ट्रेशन नंबर की नियमित जांच की जा रही थी। इसी दौरान चेकिंग के समय बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 10 AB 5639) की जांच की गई, जो वर्ष 2019 में चोरी होना दर्ज पाया गया।

इस पर वाहन चालक रोशन शर्मा (18) निवासी ग्राम कंतेली जिला मुंगेली, वर्तमान में तिफरा काली मंदिर के पास सिरगिट्टी क्षेत्र में रहने वाला, को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने वर्ष 2019 में सरकंडा स्थित बंधु कॉम्प्लेक्स के सामने से उक्त मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोटरसाइकिल बरामद कर जब्त कर ली है और उसके खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सरकंडा निरीक्षक प्रदीप आर्य, प्रधान आरक्षक दिवाकर वर्मा और आरक्षक बलबीर सिंह की विशेष भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि ‘सशक्त ऐप’ के माध्यम से आगे भी ऐसे मामलों में कार्रवाई जारी रहेगी।
