हनुमान जन्मोत्सव पर बिलासपुर में निकलेगी भव्य शोभायात्राएं, यातायात पुलिस ने की चाक-चौबंद व्यवस्था


बिलासपुर। हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर शहर में निकलने वाली भव्य शोभायात्राओं को देखते हुए यातायात पुलिस बिलासपुर ने व्यापक और सख्त यातायात व्यवस्था लागू की है। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर पूरे शहर में सुरक्षा और यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
यातायात पुलिस द्वारा शोभायात्रा मार्गों के प्रमुख चौक-चौराहों, कनेक्टिंग सड़कों और ट्रैफिक प्वाइंट्स पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। साथ ही ड्रोन कैमरा, सीसीटीवी कैमरों और सादे वर्दी में पुलिसकर्मियों के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी। असामाजिक तत्वों और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। जगह-जगह ब्रीथ एनालाइजर के साथ पुलिस जवान तैनात रहेंगे।


इन मार्गों से निकलेगी शोभायात्राएं


02 अप्रैल 2026 को शहर के विभिन्न हिस्सों से शोभायात्राएं निकाली जाएंगी—
बोल बम सेवा समिति द्वारा शाम 4:30 बजे नया चौक देवरी खुर्द से शोभायात्रा निकलेगी, जो तोरवा चौक, जगमल चौक, गांधी चौक, जूना बिलासपुर होते हुए देवकीनंदन चौक पर समाप्त होगी।
धर्म जागृति मंच की शोभायात्रा दोपहर 3:00 बजे बुधवारी बाजार स्थित हनुमान मंदिर से शुरू होकर गुरु नानक चौक, दयालबंद, गांधी चौक, कोतवाली चौक, सीएमडी चौक, तारबहार होते हुए महाकाल ग्राउंड (कंस्ट्रक्शन कॉलोनी) में समाप्त होगी।
कालीबाड़ी सरकंडा द्वारा शाम 4:30 बजे साइंस कॉलेज मैदान स्थित हनुमान मंदिर से यात्रा निकाली जाएगी, जो नूतन चौक, सुभाष चौक, जबड़ापारा होते हुए देवकीनंदन चौक पहुंचेगी।
इसके अलावा शाम 5:00 बजे लिंगियाडीह से शोभायात्रा निकलकर बसंत विहार, अशोक नगर, नूतन चौक होते हुए देवकीनंदन चौक में समाप्त होगी।


यातायात में रहेगा डायवर्जन
शोभायात्रा के दौरान संबंधित मार्गों पर यातायात का दबाव कम करने के लिए डायवर्जन लागू किया जाएगा। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे शोभायात्रा मार्गों पर वाहन लेकर न जाएं और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, ताकि श्रद्धालुओं और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि सभी लोग नियमों का पालन करें और शहर में सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात बनाए रखने में प्रशासन का साथ दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!