







बिलासपुर। प्रथम खेलो इंडिया ट्राईबल गेम्स 2026 में भाग लेने के लिए छत्तीसगढ़ की मलखंभ महिला और पुरुष टीम रवाना हो गई है। यह प्रतियोगिता 25 मार्च 2026 से 4 अप्रैल 2026 तक छत्तीसगढ़ में आयोजित की जा रही है, जिसमें मलखंभ स्पर्धा अंबिकापुर (सरगुजा) के गांधी मैदान में 2 अप्रैल से 4 अप्रैल तक आयोजित होगी।

मलखंभ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए महिला वर्ग में अनिता गोटा, दुर्गेश्वरी कुमेटी, सरिता पोयम, संतय पोटाई, मोनिका पोटाई और डिम्पी सिंह का चयन हुआ है। वहीं पुरुष वर्ग में मानू धुरूव, राजेश कोर्राम, राकेश कुमार वरदा, मोनू नेताम, मगड़ू पोड़ियम और आयुष सिंह सिदार टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।
प्रतियोगिता के सफल संचालन की जिम्मेदारी छत्तीसगढ़ शासन द्वारा छत्तीसगढ़ मलखंभ संघ के सचिव डॉ. राजकुमार शर्मा को प्रतियोगिता प्रबंधक एवं राज्य समन्वयक के रूप में सौंपी गई है। इसके अलावा तकनीकी अधिकारियों के रूप में प्रेमचंद शुक्ला, अनिल सिंह, पुष्कर दिनकर, अकलेश कुमार नारंग और कृष्णा प्रसाद यादव को नियुक्त किया गया है।

टीम के कोचिंग स्टाफ में मनोज प्रसाद (पुरुष कोच), पूनम प्रसाद (महिला कोच) और बिसन कसेर (मैनेजर) शामिल हैं।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ की मलखंभ टीम ने पिछले कई वर्षों में राष्ट्रीय खेल, खेलो इंडिया और बीच गेम्स जैसी प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दोनों वर्गों में विजेता बनकर राज्य का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। इस बार भी टीम से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई जा रही है।
टीम के रवाना होने पर केंद्रीय राज्य मंत्री एवं सांसद तोखन साहू, खेल मंत्री अरुण साव, विधायक सुशांत शुक्ला सहित खेल विभाग के अधिकारियों और मलखंभ संघ के पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल प्रदर्शन की कामना की है।

