नशे में धुत ड्राइवर ने ट्रेलर मकान में घुसाया, बाल-बाल बचा परिवार

शशि मिश्रा


बिलासपुर। जिले में एक बड़ा हादसा उस वक्त टल गया जब नशे में धुत ट्रेलर चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए सड़क किनारे स्थित एक मकान में ट्रेलर घुसा दिया। घटना के समय घर के सदस्य अंदर सो रहे थे, जो बाल-बाल बच गए।
चकरभाठा पुलिस के अनुसार, हिर्री माइंस तिलक नगर निवासी रिटायर्ड कर्मचारी ताराचंद दुबे 30 मार्च की रात भोजन के बाद अपने परिवार के साथ घर के अंदर सो रहे थे। रात करीब 9 बजे पेड्रीडीह की ओर से आ रहे ट्रेलर क्रमांक सीजी 10 आर 7861 के चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए बाउंड्रीवाल को तोड़ दिया और सीधे मकान के भीतर जा घुसा।
हादसे के समय दुबे परिवार पीछे के कमरे में सो रहा था, जिससे वे सुरक्षित बच गए। तेज आवाज सुनकर जब परिवार के सदस्य बाहर आए तो देखा कि ट्रेलर घर के अंदर घुसा हुआ है।
मौके पर मौजूद लोगों ने चालक उकेश साहू (23 वर्ष), निवासी पौंसरी बिल्हा को पकड़ लिया, जो नशे में धुत था। इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।
ताराचंद दुबे की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 125 ए, 281, 324 और 4 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही ट्रेलर को जब्त कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!