
शशि मिश्रा

बिलासपुर। तारबहार थाना क्षेत्र में आधी रात एक बार संचालक पर जानलेवा हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि शराब नहीं देने पर कुछ युवकों ने संचालक को घेरकर डंडे और हाथ-मुक्कों से बुरी तरह पीटा, साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी।
मिली जानकारी के अनुसार घटना 31 मार्च की रात करीब 12:50 बजे की है। भारतीय नगर निवासी तौसीफ खान, जो एमिगोस बार का संचालन करते हैं, ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि उसी रात उन्हें नाजिम खान का बार-बार फोन आ रहा था। कॉल उठाने पर आरोपी ने अपने साथियों के साथ शराब की मांग की। मना करने पर आरोपियों ने फोन पर गाली-गलौज शुरू कर दी और बार में तोड़फोड़ करने की धमकी दी।
बताया जा रहा है कि इसके बाद तौसीफ खान मौके पर पहुंचे, जहां विवाद बढ़ गया। इसी दौरान नाजिम खान ने डंडे से हमला कर दिया, जबकि उसके साथी सैयान बुखारी और सलमान खान ने हाथ-मुक्कों से मारपीट की। हमले में तौसीफ खान को बाएं कनपटी, कोहनी और पैर में चोटें आई हैं।
पीड़ित ने किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से निकलने में सफलता पाई और बाद में थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
