

बिलासपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मिनीबस्ती, जरहाभाठा इलाके में राहगीरों को धारदार हथियार दिखाकर भयभीत करने वाले चार युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चाकू और फरसानुमा हथियार बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 31 मार्च को सूचना मिली थी कि कुछ युवक क्षेत्र में चाकू और लोहे के फरसानुमा हथियार लेकर आने-जाने वाले लोगों को डरा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर चारों आरोपियों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में अभय कोसले (20), रामा कुर्रे (19), देव सिदार (20) और समीर भास्कर (20) सभी निवासी मिनीबस्ती, जरहाभाठा शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से 3 नग धारदार चाकू और 1 नग लोहे का फरसानुमा हथियार जब्त किया है। सभी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

इसके अलावा क्षेत्र में गाली-गलौज कर अशांति फैलाने वाले राकेश ओगले (29) निवासी मगरपारा के खिलाफ भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगे भी सख्ती जारी रखने की बात कही है।
