

बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों के कब्जे से धारदार चाकू बरामद कर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में बढ़ती अशांति और मारपीट की घटनाओं को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) और नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन के मार्गदर्शन में सिरगिट्टी पुलिस टीम द्वारा लगातार पेट्रोलिंग कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

इसी दौरान पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से दो आरोपियों को पकड़ा। गणेश नगर चुचुहियापारा क्षेत्र में एक युवक हाथ में धारदार चाकू लहराते हुए मिला, वहीं सेक्टर डी तिफरा स्थित शराब भट्ठी के पीछे एक अन्य व्यक्ति भी चाकू लेकर लोगों में दहशत फैलाते पाया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सनत साहू (28) निवासी बैहरामुड़ा शांति नगर तिफरा और मनबहार बघेल (38) निवासी चुचुहियापारा गणेश नगर सिरगिट्टी के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से 2 नग चाकू जब्त किए हैं।

इसके अलावा गौर कॉलोनी तिफरा क्षेत्र में गाली-गलौज कर अशांति फैलाने वाले एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ भी कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।

