एसी के कॉपर वायर चोरी करने वाले दो शातिर चोर और कबाड़ी गिरफ्तार, 48 हजार से अधिक का सामान बरामद


बिलासपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एसी के कॉपर वायर चोरी की घटनाओं पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर चोरों और चोरी का सामान खरीदने वाले कबाड़ी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 48,500 रुपए का मशरूका बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में लगातार हो रही कॉपर वायर चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर सिविल लाइन थाना टीम अज्ञात चोरों की तलाश में जुटी थी। जांच के दौरान सूचना मिली कि दो कबाड़ बीनने वाले युवक चोरी किए गए एसी के कॉपर वायर को खपरगंज स्थित एक कबाड़ी को बेचते हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने कबाड़ी एहसान अली की दुकान के पास घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की, जहां से आरोपी सूरज वस्त्रकार उर्फ सूरज महरा (23) निवासी कोनी रोड क्षेत्र और धीरेन्द्र झारिया (30) निवासी खपरगंज को पकड़ लिया गया। साथ ही कबाड़ी एहसान अली (44) को भी हिरासत में लिया गया।


पूछताछ में आरोपियों ने कार्यालय जिला अभियोजन निदेशालय और रजिस्ट्री ऑफिस परिसर के पास लगे एसी से कॉपर वायर, एसी के पार्ट्स और अलमारी में रखी नगदी चोरी करना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 80 फीट कॉपर वायर (कीमत लगभग 40 हजार रुपए), एसी के पार्ट्स और 8500 रुपए नकद सहित कुल 48,500 रुपए का सामान बरामद किया है।
तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!