

बिलासपुर। मस्तूरी थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के किनारे मिली अज्ञात युवती की लाश की पहचान हो गई है। मृतिका की शिनाख्त खैरागढ़ थाना क्षेत्र से अपहृत नाबालिग के रूप में की गई है। मामले में आगे की कार्रवाई खैरागढ़ पुलिस द्वारा की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 29 मार्च को रेलवे गार्ड ने थाना मस्तूरी में सूचना दी थी कि ग्राम किसान परसदा के पास रेलवे ट्रैक के किनारे एक अज्ञात लड़की का शव पड़ा हुआ है। सूचना पर मस्तूरी पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग क्रमांक 23/26 कायम कर जांच शुरू की।
शव की पहचान नहीं होने पर पुलिस द्वारा लगातार सोशल मीडिया और समाचार माध्यमों के जरिए मृतिका की पहचान के प्रयास किए जा रहे थे। इसी दौरान 30 मार्च की देर रात थाना खैरागढ़ से संपर्क हुआ, जहां पहले से अपराध क्रमांक 133/26 धारा 137(2) बीएनएस के तहत एक नाबालिग के अपहरण का मामला दर्ज था।

पुलिस ने बताया कि अपहृत बालिका का हुलिया मस्तूरी में मिले शव से मेल खा रहा था।
31 मार्च को ग्राम चिचोला, ठेलकाडीह से मृतिका के परिजन मस्तूरी थाना पहुंचे और शव की पहचान की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद अंतिम संस्कार के लिए गृह ग्राम ठेलकाडीह रवाना किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अब आगे की वैधानिक कार्रवाई खैरागढ़ थाना पुलिस द्वारा की जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है।
