राहगीर से मारपीट कर लूट करने वाले चार आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार


बिलासपुर। मल्हार चौकी क्षेत्र में राहगीर से मारपीट कर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने चंद घंटों में गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने पहले पैसे की मांग की और रकम नहीं मिलने पर बेल्ट व हाथ-मुक्कों से मारपीट कर नकदी लूट ली थी।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी रामप्यारे राय (62 वर्ष), निवासी चौहा, 30 मार्च की रात करीब 11:50 बजे डगनिया से एक शादी समारोह से लौट रहे थे। इसी दौरान चकरबेढ़ा और डगनिया के बीच रोशन भंडारी, सुमित टंडन उर्फ बिट्टू, सुमित दिनकर उर्फ सोमू और मंजेश खूंटे ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए पैसे की मांग की और विरोध करने पर बेल्ट व हाथ-मुक्कों से बेरहमी से मारपीट की। इसके बाद उनकी कमीज की जेब में रखे 1400 रुपए लूटकर फरार हो गए।
घटना के बाद घायल अवस्था में पीड़ित पूरी रात मौके पर ही पड़ा रहा। सुबह करीब 6 बजे चकरबेढ़ा गांव के कुछ लोगों ने उसे देखा और घर पहुंचाया। इसके बाद परिजनों के साथ पीड़ित ने मल्हार चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह और एसडीओपी के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। चौकी प्रभारी मल्हार अवधेश सिंह के नेतृत्व में टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुखबिर की सूचना पर ग्राम चकरबेढ़ा से संदेहियों को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपराध कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी सुमित दिनकर से लूटी गई 1400 रुपए की नकदी और आरोपी मंजेश खूंटे से घटना में प्रयुक्त बेल्ट बरामद की है।
चारों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!