

बिलासपुर के घुटकू स्थित फिल स्टील एंड पावर प्राइवेट लिमिटेड प्लांट में शनिवार दोपहर एक इंडक्शन फर्नेस फटने से बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में क्रेन ऑपरेटर आशुतोष कुमार (26) गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें तत्काल शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, कोनी थाना क्षेत्र के निरतू-घुटकू स्थित प्लांट में कार्य के दौरान अचानक फर्नेस में विस्फोट हो गया। इसकी चपेट में आने से बिहार निवासी आशुतोष कुमार करीब 60 प्रतिशत तक झुलस गए। हादसे की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली सीएसपी (प्रशिक्षु आईपीएस) गगन कुमार और पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना में केवल एक ही कर्मचारी घायल हुआ है। हादसे के बाद प्लांट में बॉयलर ब्लास्ट और तीन लोगों की मौत की अफवाह फैल गई थी, जिसे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने खारिज करते हुए भ्रामक बताया।
प्लांट प्रबंधन की ओर से भी सोशल मीडिया पर चल रही मौत की खबरों को निराधार बताया गया है। फील ग्रुप के प्रबंधक प्रदीप झा ने स्पष्ट किया कि प्लांट में कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई है और केवल एक कर्मचारी घायल हुआ है।
घायल आशुतोष कुमार को प्रताप चौक स्थित केयर एंड क्योर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए आईसीयू में रखा गया है। बताया जा रहा है कि झुलसने के साथ ही उनके फेफड़ों में धुआं भर जाने से सांस लेने में भी दिक्कत हो रही है। बेहतर इलाज के लिए रायपुर से विशेषज्ञ डॉक्टर बुलाए गए हैं।
वहीं, घायल के भाई मनीष सिंह ने बताया कि उन्हें शनिवार दोपहर करीब 3 बजे हादसे की सूचना मिली, जिसके बाद वे तुरंत अस्पताल पहुंचे। फिलहाल आशुतोष की हालत नाजुक बनी हुई है।
प्रबंधन के अनुसार, संबंधित यूनिट ठेके पर संचालित हो रही थी और आशुतोष उसी ठेकेदार के कर्मचारी हैं। घटना की जानकारी ठेकेदार को भी दे दी गई है।
