
शशि मिश्रा
अहमदाबाद से हावड़ा के बीच चलने वाली ट्रेन में पथराव कर यात्रियों को घायल करने वाले आरोपी की खोजबीन करने के बाद सीसी टीवी फुटेज के आधार पर पकड़ा गया है।
27 जून को गाड़ी संख्या 12833 अहमदाबाद से हावड़ा जाने वाली एक्सप्रेस में पथराव किया गया। इसमें दिव्यांग कोच में सफर करने वाले यात्रियों कों चोट पहुंची। पथराव करने के बाद आरोपी फरार हो गया था। आरपीएफ के मंडल सुरक्षा आयुक्त ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित कर जांच का आदेश दिया।
विशेष टीम ने जांच शुरु करने के बाद विभिन्न स्टेशनों में लगे सीसी टीवी फुटेज को भी चेक किया। इस दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति की पहचान की गई। घायल यात्रियों के संदिग्ध की पहचान कराने के बाद विशेष टीम ने तुमसर जिला भंडारा निवासी आरोपी यश वल्द प्रकाश बर्वे 23 साल को पकड़ा।
पूछताछ में आरोपी ने पथराव करना स्वीकार किया। उसने बताया कि उसका और घायल यात्री के बीच विवाद हो गया, जिसके कारण उसने गुस्से में आकर पथराव किया। आरोपी से पूछताछ करने के बाद आरपीएफ की टीम ने रेलवे एक्ट के तहत अपराध कायम कर लिया है।
