

बिलासपुर जिले के सरकंडा थाना क्षेत्र में एसी के कॉपर पाइप चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने चोरी गए सामान की 100 प्रतिशत बरामदगी भी कर ली है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गुलाबनगर मोपका निवासी पूजा उर्फ प्रिंसी देवांगन ने 27 मार्च 2026 को थाना सरकंडा में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 26 मार्च की शाम करीब 7 बजे वह अपनी ब्यूटी हेवन यूनिसेक्स सैलून दुकान बंद कर घर चली गई थीं। अगले दिन दोपहर में पास के दुकानदार शुभम जायसवाल ने फोन कर जानकारी दी कि उनके और प्रार्थिया के दुकान में लगे एसी के कॉपर पाइप चोरी हो गए हैं।
मौके पर पहुंचकर जांच करने पर पाया गया कि अज्ञात चोर ने कॉम्प्लेक्स के सामने की सीढ़ियों के रास्ते अंदर घुसकर दोनों दुकानों में लगे एसी के कॉपर पाइप निकाल लिए। चोरी गए पाइप की कुल कीमत करीब 43 हजार रुपये आंकी गई।
मामले की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदेही की तलाश कर कुछ ही घंटों में आरोपी पूरन नेताम (24 वर्ष), निवासी दुर्गानगर लिंगियाडीह, सरकंडा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात कबूल कर ली।
आरोपी के कब्जे से एसी के कॉपर पाइप के कुल 168 टुकड़े (करीब 8.5 किलो) बरामद किए गए, जिनकी कीमत लगभग 43 हजार रुपये है। साथ ही घटना में प्रयुक्त लोहे का औजार भी जब्त किया गया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
