मनियारी नदी में करंट से मछली पकड़ने की कोशिश पड़ी भारी, युवक की दर्दनाक मौत

तखतपुर टेकचंद कारड़ा


बिलासपुर जिले के तखतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सूरीघाट में रविवार सुबह एक हृदयविदारक हादसा सामने आया। मनियारी नदी में करंट लगाकर मछली पकड़ने का प्रयास कर रहे एक युवक की उसी करंट की चपेट में आकर मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम सूरीघाट निवासी मायाराम कैवर्त (उम्र लगभग 45 वर्ष) सुबह करीब 9 बजे मनियारी नदी में मछली पकड़ने के लिए गया था। बताया जा रहा है कि उसने नदी में जाल बिछाकर उसमें बिजली का करंट प्रवाहित कर दिया था, ताकि मछलियां आसानी से फंस सकें। इसी दौरान जैसे ही मायाराम का पैर पानी में पड़ा, वह खुद ही बिजली के करंट की चपेट में आ गया।


अचानक हुए इस हादसे में मायाराम को संभलने या बचने का कोई मौका नहीं मिला और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
सूचना मिलने पर तखतपुर पुलिस भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक की लहर फैल गई है। ग्रामीणों ने इस घटना को बेहद दुखद बताते हुए लोगों से अपील की है कि मछली पकड़ने के लिए इस तरह के खतरनाक और अवैध तरीकों का उपयोग न करें।
गौरतलब है कि पानी में करंट लगाकर मछली पकड़ना न केवल गैरकानूनी है, बल्कि बेहद खतरनाक भी है, जिससे इस तरह के हादसे होने की आशंका बनी रहती है। यह घटना एक बड़ी चेतावनी के रूप में सामने आई है कि थोड़ी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!