रामनवमी पर सिद्ध बघर्रा पाठ एवं भव्य आयोजन, कन्या पूजन के साथ हुआ भंडारा


बिलासपुर। चैत्र नवरात्रि की नवमी के अवसर पर ग्राम हॉफा स्थित भगवान नृसिंह नाथ मंदिर में धार्मिक आस्था का भव्य संगम देखने को मिला। यहां देवाधिदेव सिद्ध बघर्रा पाठ भगवान नृसिंह नाथ जी के मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना, कन्या पूजन और भंडारे का आयोजन किया गया।
मंदिर के आचार्य धनेश उपाध्याय ने बताया कि चैत्र शुक्ल नवमी (27 मार्च 2026) को मां सिद्धिदात्री की विशेष पूजा की जाती है, जिन्हें सभी सिद्धियां और मोक्ष प्रदान करने वाली देवी माना जाता है। इस अवसर पर सुबह 10 बजे छोटी कन्याओं को माता स्वरूप मानकर पूजन किया गया, साथ ही एक बालक को भैरव के रूप में पूजित किया गया।
कन्या पूजन के बाद हुआ कलश विसर्जन
कन्या पूजन और भोजन के पश्चात दोपहर में कलश विसर्जन किया गया। श्रद्धालुओं ने पूरे विधि-विधान के साथ पूजा में भाग लिया और सुख-समृद्धि की कामना की।


रामनवमी पर हुआ विशेष पाठ और महाआरती
आचार्य ने बताया कि रामनवमी भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव के रूप में मनाया जाता है, जो हर वर्ष चैत्र मास की शुक्ल नवमी तिथि को आता है। इस अवसर पर मंदिर में श्रीराम रक्षा स्तोत्र का पाठ किया गया।
संध्या समय महाआरती के साथ प्रसाद वितरण और भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्म लाभ अर्जित किया।

पूरे आयोजन में भक्तिभाव और श्रद्धा का माहौल बना रहा। कन्या पूजन, धार्मिक पाठ और भंडारे के माध्यम से श्रद्धालुओं ने आस्था और सेवा का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!