

बिलासपुर। दयालबंद स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में वर्ष 2026 से 2028 तक के लिए सरदार परमजीत सिंह सलूजा को मुख्य सेवादार (अध्यक्ष) के रूप में निर्विरोध निर्वाचित किया गया है। उनके चयन की घोषणा के बाद सिख समाज में हर्ष का माहौल है और विभिन्न सामाजिक व धार्मिक संगठनों ने उन्हें बधाई दी है।
सरदार परमजीत सिंह सलूजा पूर्व में गुरुद्वारा प्रबंधन समिति में सचिव के पद पर रह चुके हैं और अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने गुरु मर्यादा के अनुरूप जिम्मेदारियों का सफल निर्वहन किया। गुरुद्वारे की बिल्डिंग के जीर्णोद्धार कार्य में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा, जहां उन्होंने अपनी कार्यकुशलता का परिचय दिया।
परमजीत सिंह सलूजा का परिवार लंबे समय से गुरुद्वारा सेवा से जुड़ा रहा है। उनके पिता स्वर्गीय भगतराम सलूजा ने वर्षों तक कोषाध्यक्ष के रूप में सेवा दी, वहीं उनके बड़े भाई सरदार सुरजीत सिंह सलूजा भी पूर्व में प्रधान के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
सामाजिक क्षेत्र में भी उनकी सक्रिय भागीदारी रही है। वे लायंस क्लब जैसी प्रतिष्ठित संस्था से जुड़े रहे हैं और विभिन्न पदों पर रहते हुए समाजसेवा में योगदान दिया है। धार्मिक आस्था के प्रति उनकी गहरी निष्ठा है और वे नियमित रूप से अमृतवेला में गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर गुरु महाराज के प्रकाश में शामिल होते हैं।
उनके सरल, मिलनसार और सबको साथ लेकर चलने वाले स्वभाव की समाज में व्यापक सराहना होती रही है। समाज के लोगों को विश्वास है कि उनके नेतृत्व में गुरुद्वारा प्रबंधन और अधिक सशक्त होगा तथा शिक्षा, स्वास्थ्य और युवा वर्ग को धर्म से जोड़ने जैसे महत्वपूर्ण कार्यों को नई दिशा मिलेगी।
समाज के सभी वर्गों ने उन्हें इस नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की है कि वे अपने कार्यकाल में समाज को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सफल होंगे।
