

बिलासपुर। विश्व रंगमंच दिवस के अवसर पर शहर में एक विशेष सांस्कृतिक आयोजन होने जा रहा है। सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय संस्था आनंद संघ की महिलाओं द्वारा 29 मार्च 2026 को “थिएट्रिकल ईवनिंग” का आयोजन किया जाएगा।
यह कार्यक्रम रविवार शाम 7:00 बजे रविन्द्र भवन (वसंत विहार) में आयोजित होगा। आयोजन का उद्देश्य रंगमंच के महत्व को रेखांकित करना और कला एवं संस्कृति के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना है।
इस खास अवसर पर कोलकाता के प्रसिद्ध “सोबार पथ” थिएटर ग्रुप द्वारा दो बंगाली नाटकों की प्रस्तुति दी जाएगी। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से बिलासपुर के दर्शकों को समृद्ध बंगाली रंगमंच की झलक देखने का अवसर मिलेगा।

कार्यक्रम में “शीतल पाटी” और “दरकारी सरकार” शीर्षक नाटकों का मंचन किया जाएगा। “शीतल पाटी” एक मोनोलॉग ड्रामा है, जो अपनी भावनात्मक गहराई और अभिव्यक्ति के लिए जाना जाता है। इन नाटकों का निर्देशन संजीता करेंगी, जबकि कलाकारों में पियाली, कौशिक, आड़ी झील और संजीता सहित अन्य प्रतिभाशाली कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे।
आनंद संघ की ओर से शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस सांस्कृतिक संध्या का हिस्सा बनने का आह्वान किया गया है। आयोजकों का मानना है कि इस तरह के कार्यक्रम न केवल मनोरंजन का माध्यम होते हैं, बल्कि समाज को कला और संस्कृति से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य भी करते हैं।
विश्व रंगमंच दिवस के अवसर पर आयोजित यह “थिएट्रिकल ईवनिंग” बिलासपुर के कला प्रेमियों के लिए एक यादगार अनुभव साबित होने की उम्मीद है।
